फॉण्ट कनवर्टर NEW

तेज रफ्तार कार ने ली व्यक्ति की जान, मुआवजे और अंडरपास की मांग पर सड़क जाम

कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो चौक पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामकिशुन यादव के रूप में हुई है। वह सुबह चाय पीने के लिए घर से चौक जा रहे थे। इसी

अपनी भाषा में पढ़ें

कोडरमा : कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो चौक पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामकिशुन यादव के रूप में हुई है। वह सुबह चाय पीने के लिए घर से चौक जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रामकिशुन यादव को सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रांची के रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रांची ले जाने के दौरान बरही के पास उनकी मौत हो गई।

कार की टक्कर से दूर तक घिसटते चले गए रामकिशुन

मृतक के भतीजे नरेश यादव ने बताया कि रामकिशुन यादव रोज की तरह सुबह चाय पीने गुमो चौक जा रहे थे। इसी दौरान झुमरी तिलैया की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार रामकिशुन को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। हादसे में रामकिशुन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

रामकिशुन यादव की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-20 पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि गुमो चौक के पास अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने हादसों को रोकने के लिए चौक पर अंडरपास बनाने की मांग की।

पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर जाम हटवाया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, फरार कार चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

मजदूरी कर परिवार चलाते थे रामकिशुन

रामकिशुन यादव गुमो निवासी स्वर्गीय हरि यादव के पुत्र थे। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है।

उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और गुमो चौक पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram