गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आज जिले के सभी तकनीकी विभागों के अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ विशेष समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विकास एवं निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर लंबित परियोजनाओं के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।बैठक में REO विभाग के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। PM JANMAN योजना के तहत धरती आबा का 61 रोड सहित सभी परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पुराने सभी योजनाओं को जल्दी पूर्ण किया जाए।NREP, RCED एवं REO तथा बिल्डिंग डिवीजन, के लंबित निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने छोटे-छोटे निर्माण प्रोजेक्ट को समयसीमा में पूर्ण करने का निर्देश देते हुए लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिला परिषद संबंधित योजनाओं पर चर्चा के क्रम में Untied Fund एवं DMFT के अंतर्गत चल रहे कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। छोटे-छोटे कार्य को इस माह के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया। MI विभाग के अंतर्गत बची हुई परियोजनाओं पर चर्चा हुई। रायडीह में स्टेडियम निर्माण कार्य की स्थिति की समीक्षा करते हुए नए कार्यों की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
उपायुक्त ने कहा कि सभी तकनीकी विभागों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं की पूर्ति गुणवत्ता पूर्ण रूप से सुनिश्चित करनी होगी। जिले के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।



