फॉण्ट कनवर्टर NEW

सारण के सभी 20 प्रखंडों में सूर्य घर योजना के लिए विशेष शिविर, 9 अगस्त तक मिलेगा मौका

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सारण जिले के सभी 20 प्रखंडों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

सारण: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सारण जिले के सभी 20 प्रखंडों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर आयोजित ये शिविर 9 अगस्त तक चलेंगे।

इन शिविरों का उद्देश्य पात्र परिवारों को योजना की जानकारी देने के साथ सोलर रूफटॉप लगाने में मदद करना है। जिला प्रशासन ने लोगों से शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

शिविर में मिलेगी पूरी जानकारी

शिविर में लोगों को योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा बैंक से मिलने वाले ऋण और सोलर रूफटॉप लगाने से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया है।

एक ही जगह पर मिलेगी कई तरह की मदद

आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रत्येक शिविर में जूनियर इंजीनियर, अधिकृत सोलर वेंडर, बैंक प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद हैं।

बैंक प्रतिनिधि लोगों को ऋण की प्रक्रिया समझा रहे हैं, जबकि तकनीकी टीम आवेदन से लेकर सोलर रूफटॉप लगाने तक सहायता कर रही है। योजना का लाभ ले चुके उपभोक्ता भी अपने अनुभव साझा कर नए लोगों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।

बिजली बिल में कमी लाने का मौका

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 9 अगस्त तक अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर आवेदन करें। प्रशासन का कहना है कि सोलर ऊर्जा अपनाने से लोग अपने बिजली खर्च को कम करने के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा दे सकते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram