Interesting News: आमतौर पर देर से काम पर आने को अनुशासनहीनता माना जाता है, लेकिन स्पेन से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला को सिर्फ इसलिए नौकरी से निकाल दिया गया, क्योंकि वह बार-बार समय से पहले ऑफिस पहुँच जाती थी। यह मामला अब कानूनी विवाद का विषय बन गया है।
मामला एलिकांटे की एक डिलीवरी कंपनी का है। महिला का अनुबंध कहता था कि उसकी शिफ्ट सुबह 7:30 बजे शुरू होगी, लेकिन वह अक्सर 6:45 से 7:00 बजे के बीच ही काम पर पहुंच जाती थी। उसकी इस ‘जल्दी पहुँचने’ की आदत से प्रबंधन (मैनेजमेंट) नाखुश था।
2023 में उसे पहली बार इस व्यवहार के लिए औपचारिक चेतावनी दी गई थी। चेतावनी को अप्रत्यक्ष धमकी मानते हुए भी महिला ने इसे नजरअंदाज किया और अपनी आदत नहीं बदली।
कंपनी ने कहा ‘गंभीर कदाचार’, कोर्ट ने दिया यह तर्क
साल की शुरुआत में, कंपनी ने महिला को ‘गंभीर कदाचार’ का आरोप लगाते हुए नौकरी से निकाल दिया। कंपनी का तर्क था कि तय समय से बहुत पहले आने पर उसके पास कोई काम नहीं होता और इस तरह वह कंपनी के लिए कोई योगदान नहीं दे रही थी।
महिला ने इस फैसले को एलिकांटे की सामाजिक अदालत में चुनौती दी, लेकिन न्यायालय ने कंपनी का पक्ष लिया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि कंपनी की बार-बार चेतावनियों को नजरअंदाज करना कर्मचारी-नियोक्ता (Employee-Employer) संबंध को प्रभावित करता है। अदालत ने माना कि समय से पहले आने का व्यवहार विश्वास और वफादारी के रिश्ते पर असर डालता है।
न्यायालय के अनुसार, कर्मचारी का यह व्यवहार ‘अवज्ञा और विश्वासघात’ जैसा गंभीर कदाचार है, जो नौकरी समाप्त करने के लिए पर्याप्त कारण है। इस मामले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि रोजगार संबंध को बनाए रखने के लिए नियमों का पालन और आपसी विश्वास दोनों ही बेहद ज़रूरी हैं, भले ही नियम सामान्य दिखें।



