चतरा। झारखंड के चतरा जिले की पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ नई कामयाबी हाथ लगी है। चतरा-हजारीबाग मुख्य पथ पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ गांव के पास पुलिस ने एक सुनियोजित छापेमारी अभियान चलाकर करीब 25 लाख रुपये मूल्य की 4 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक शातिर अंतरराज्यीय तस्कर को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस को देख भागने लगा तस्कर
चतरा समाहरणालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी अनिमेष नैथानी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध अफीम की खेप लेकर चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर किसी बस का इंतजार कर रहा है। इस सूचना को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जैसे ही पुलिस टीम जपुआ गांव के पास पहुंची, सड़क किनारे हाथ में थैला लिए खड़ा एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस की गाड़ियों को देखकर हड़बड़ा गया और भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन चौकस पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और उसे मौके पर ही दबोच लिया।
वजन बढ़ाने के लिए लाया था दो किलो गुड़
पकड़े गए आरोपी की पहचान जपुआ गांव के ही रहने वाले रामचरण दांगी उर्फ रामचंद्र दांगी के रूप में की गई है। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली, तो उसमें से तीन प्लास्टिक के पैकेटों में बंद 4 किलो अफीम बरामद हुई। इस तलाशी में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस को उसके पास से दो किलोग्राम गुड़ जैसा पदार्थ भी मिला। पूछताछ में पता चला कि इस गुड़ का इस्तेमाल अफीम में मिलावट कर उसका वजन और मात्रा बढ़ाने के लिए किया जाना था, ताकि बाजार में ज्यादा मुनाफा कमाया जा सके। पुलिस ने तस्कर के पास से एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है, जिससे वह ग्राहकों से डील करता था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
एसपी ने बताया कि इस संबंध में गिद्धौर थाना में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इसके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इस सफल अभियान में एसडीपीओ के अलावा पुलिस निरीक्षक बिपिन कुमार, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और एएसआई अशोक कुमार पांडेय सहित कई जवान मुख्य रूप से शामिल थे। चतरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के अफीम माफियाओं में हड़कंप मच गया है।



