Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा-हाता मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की शाम एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। सिंहपोखरिया फाटक के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो 18 वर्षीय युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल उठे। इस दुर्घटना ने बिंगतोपंग और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ा दी है।
दोस्त को छोड़कर लौट रहा था निसाल, घर की राह देख रहा था शिवा
मृतकों की पहचान बिंगतोपंग निवासी 18 वर्षीय निसाल उनडील (गोप) और इसी उम्र के शिवा बिरुली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, निसाल अपनी स्कूटी से अपने एक मित्र को घर छोड़कर वापस लौट रहा था। वहीं, शिवा बिरुली अपने ससुराल टेकराहातु से वापस अपने घर बिंगतोपंग की ओर जा रहा था। नियति को कुछ और ही मंजूर था; सिंहपोखरिया फाटक से महज 100 मीटर की दूरी पर दोनों के वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें; अस्पताल में परिजनों का करुण क्रंदन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मौत की खबर अस्पताल पहुंची, वहां मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से पूरा परिसर गमगीन हो गया। दोनों युवक अपने माता-पिता के लाडले थे और अभी उनकी पूरी जिंदगी सामने पड़ी थी।
इस खबर को भी पढ़ें : बाइक सवार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, महिला घायल
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और बेहतर यातायात व्यवस्था की मांग की है ताकि फिर किसी मां की गोद सूनी न हो।



