अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro news:- बोकारो विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, स्थानीय युवाओं के रोजगार तथा विस्थापित परिवारों के अधिकारों को लेकर बोकारो की विधायक श्वेता सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित 6, कुशक रोड पर माननीय केंद्रीय इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक ने शहीद प्रेम महतो के परिजनों को स्थायी नियोजन प्रदान करने, बोकारो स्टील प्लांट से प्रभावित विस्थापित परिवारों के लिए चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों में आरक्षण सुनिश्चित करने, नियमित अप्रेंटिसशिप व्यवस्था लागू करने तथा बोकारो स्टील प्लांट के विस्तारीकरण के बाद होने वाली नई नियुक्तियों में स्थानीय विस्थापितों को प्राथमिकता देने की मांग प्रमुखता से उठाई।
उन्होंने अमृतसर–कोकाता औद्योगिक कॉरिडोर के अंतर्गत प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) परियोजना में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर कर कार्य प्रारंभ कराने तथा बोकारो एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवाओं का शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बोकारो में औद्योगिक निवेश, रोजगार के नए अवसर तथा क्षेत्रीय आर्थिक विकास को उल्लेखनीय गति मिलेगी।
विधायक श्वेता सिंह ने बताया कि केंद्रीय इस्पात मंत्री ने उनके अनुरोध पर मात्र दो घंटे के भीतर सेल (SAIL) के चेयरमैन के साथ अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कराई, जिससे बोकारो से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं परिणामोन्मुख चर्चा संभव हो सकी। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में उनके द्वारा उठाई गई बोकारो स्टील प्लांट के विस्तारीकरण की मांग को स्वीकार करते हुए प्लांट एक्सपेंशन को स्वीकृति प्रदान किया जाना बोकारो के औद्योगिक भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय है। इसके लिए उन्होंने माननीय केंद्रीय इस्पात मंत्री का विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बोकारो विकास और रोजगार के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी उपस्थित रहे।

