फॉण्ट कनवर्टर NEW

खूंटी में पेट्रोल पंप पर चली गोली, 10 लाख की लेवी मांगकर भागे बदमाश

जिला मुख्यालय के भगत सिंह चौक पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर गोली चला दी।

अपनी भाषा में पढ़ें

खूंटी: जिला मुख्यालय के भगत सिंह चौक पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर गोली चला दी। वारदात रात करीब 9:30 बजे की है। गोली चलाने के बाद बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर एक धमकी भरा पर्चा फेंका और तोरपा की ओर फरार हो गए।

अचानक हुई फायरिंग से पेट्रोल पंप के कर्मचारी और वहां मौजूद ग्राहक घबरा गए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। घटना के वक्त पेट्रोल पंप के मालिक और व्यवसायी अमित साहू मौके पर मौजूद नहीं थे।

पर्चे में 10 लाख रुपये की मांग

पेट्रोल पंप पर मिले पर्चे में पीएलएफआई के नाम का इस्तेमाल किया गया है। इसमें दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये लेवी देने की मांग की गई है। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है।

अमित साहू ने पुलिस को बताया कि उन्हें पहले भी पीएलएफआई के नाम से कई बार धमकी मिल चुकी है। मार्च-अप्रैल के दौरान उन्हें दो से तीन बार धमकी दी गई थी। इससे पहले उनके परवल स्थित घर पर हमला भी हो चुका है।

सीसीटीवी में दिखे दो नकाबपोश

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जमुदा और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे। पुलिस ने मौके से गोली का एक खोखा और धमकी वाला पर्चा बरामद किया।

सीसीटीवी फुटेज में दो युवक गमछे से चेहरा ढककर पेट्रोल पंप पर आते और गोली चलाते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज की मदद से उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि खूंटी में पीएलएफआई का प्रभाव अब काफी कम हो चुका है और संगठन के कई बड़े उग्रवादी जेल में हैं। इसलिए यह भी आशंका है कि किसी स्थानीय अपराधी गिरोह ने रंगदारी वसूलने के लिए पीएलएफआई के नाम का इस्तेमाल किया हो।

फिलहाल पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है। संदिग्धों की तलाश में लगातार जांच और छापेमारी की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram