गुमला/चैनपुर :-चैनपुर-गुमलामुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में दो कपड़ा व्यापारी घायल हो गए। हादसा छतरपुर के समीप उस समय हुआ जब दोनों व्यापारी साप्ताहिक बाजार में कपड़े बेचने के लिए गुमला से चैनपुर की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी हैं और वर्तमान में गुमला के टावर चौक के पास किराये के मकान में रहकर विभिन्न साप्ताहिक बाजारों में सूट और कपड़ों का व्यवसाय करते हैं। बताया गया कि रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
दुर्घटना में 15 वर्षीय आयन खान को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 30 वर्षीय फईम खान को हल्की चोट लगी है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय चैनपुर की ओर जा रही एसडीपीओ की नजर सड़क किनारे घायल पड़े दोनों लोगों पर पड़ी।
स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के सहयोग से घायलों को बिना देरी चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि आयन खान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया गया।
पुलिस द्वारा घटना की सूचना घायलों के परिजनों को भी दे दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने समय पर सहायता पहुंचाने वाली पुलिस टीम की सराहना की।




