Chaibasa: झारखंड के अभेद्य माने जाने वाले सारंडा के जंगलों में नक्सलियों के खात्मे का अभियान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। शुक्रवार की सुबह किरीबुरू थाना क्षेत्र के कुमड़ी और हिंजोदिरी गांव के बीच सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर भीषण मुठभेड़ हुई। इस ताजा कार्रवाई में जवानों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। इसके साथ ही पिछले 48 घंटों में मारे गए नक्सलियों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान अचानक हुई फायरिंग
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल घने और दुर्गम जंगलों में नक्सलियों के संभावित ठिकानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान छिपे हुए नक्सलियों ने जवानों को देखते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और सटीक फायरिंग में एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया। फिलहाल मारी गई नक्सली की शिनाख्त की जा रही है।
गुरुवार को हुआ था नक्सलियों का ‘पैकअप’
बता दें कि गुरुवार को इसी इलाके में सुरक्षाबलों ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी, जिसमें 2.35 करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल और अनमोल सहित 15 नक्सली मारे गए थे। इस बड़े ऑपरेशन में ड्रोन कैमरों और हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है, ताकि बीहड़ जंगलों में छिपे एक-एक नक्सली को ढूंढा जा सके।
अलर्ट पर जवान, डीजीपी का दौरा स्थगित
चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त बलों को अलर्ट पर रखा गया है। इलाके में तनाव और लगातार जारी कार्रवाई को देखते हुए झारखंड की पुलिस महानिदेशक (DGP) का चाईबासा दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पुलिस का साफ कहना है कि जब तक सारंडा पूरी तरह नक्सल मुक्त नहीं हो जाता, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। इस ऑपरेशन की सफलता ने नक्सलियों के आत्मविश्वास को हां से पूरी तरह हिलाकर रख दिया है।
इस खबर को भी पढ़ें : सारंडा जंगल में ऐतिहासिक मुठभेड़, एक करोड़ का इनामी माओवादी अनल दा समेत 11 से ज्यादा ढेर



