फॉण्ट कनवर्टर NEW

आईटीआई की तैयारी कर रहा था समीर, कुजू पुल की घटना से गांव में शोक

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के निकट कुजू गांव में शनिवार को एक युवक द्वारा पुल से नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया। गंभीर हालत में उसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के निकट कुजू गांव में शनिवार को एक युवक द्वारा पुल से नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया। गंभीर हालत में उसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मंझारी थाना क्षेत्र के बुनुमलता गांव निवासी 20 वर्षीय समीर कुंकल के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।

परिजनों और परिचितों से मिली जानकारी के अनुसार समीर कुंकल हाल ही में लुपुंगुटू स्थित संत जेवियर स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका था। वह चाईबासा के सिकुरसाई इलाके में किराये के मकान में अपने एक मित्र के साथ रह रहा था तथा आगे आईटीआई में नामांकन लेने की तैयारी कर रहा था।

मृतक के साथ रहने वाले युवक ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि समीर का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि उक्त युवती पिछले कुछ दिनों से अपने घर से लापता थी और उसकी तलाश में परिजन समीर तक भी पहुंचे थे। इस घटनाक्रम के बाद समीर काफी तनाव में रहने लगा था और उसे किसी गंभीर परेशानी में फंसने का डर सता रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार को समीर कुजू गांव स्थित पुल पर पहुंचा और वहां से नदी में छलांग लगा दी। उसी समय नदी में स्नान कर रही आयता गांव की महिलाओं ने उसे गिरते हुए देखा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मां निमंती कुंकल सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। युवक की असामयिक मौत से पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान मृतक के परिजनों, दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram