चतरा। जोरी थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
जानकारी के मुताबिक, 7 अगस्त की रात सरस्वती ज्वेलर्स के संचालक मृत्युंजय कुमार वर्मा कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ के पास थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और मोबाइल फोन व सोने की चेन लूट ली। आरोप है कि बदमाशों ने लोगों में डर पैदा करने के लिए फायरिंग भी की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार, कारतूस और अपाची बाइक बरामद की गई है। घटनास्थल से आरोपियों द्वारा छोड़ी गई चप्पल भी पुलिस को मिली है। पुलिस के मुताबिक, इनमें एक जोड़ी चप्पल अमित कुमार की है।
अमित कुमार हंटरगंज थाना क्षेत्र के परासिया गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर लूट की घटना में उनकी भूमिका और अन्य संभावित मामलों की जानकारी जुटा रही है।




