रांची : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने समाहरणालय स्थित जी-14 सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रांची नगर निगम एवं नगर पंचायत बुड़ू क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रम और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर एडीएम नक्सल सुदर्शन मुर्मू एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।

उपविकास आयुक्त ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 6 फरवरी तय की गई है। उम्मीदवारों को 7 फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, वहीं मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी।

रांची नगर निगम क्षेत्र में कुल 53 वार्ड हैं, जहां 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 808 मुख्य और 101 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। नगर निगम क्षेत्र में कुल 10 लाख 27 हजार 723 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष, महिला और तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। संवेदनशीलता के आधार पर 274 सामान्य, 507 संवेदनशील और 128 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। महापौर पद के लिए चुनावी खर्च की सीमा 25 लाख रुपये और वार्ड पार्षद के लिए 5 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

वहीं नगर पंचायत बुड़ू क्षेत्र में 13 वार्ड हैं, जहां 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 16,625 मतदाता हैं। बुड़ू नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 5 लाख रुपये और वार्ड पार्षद पद के लिए 1 लाख रुपये खर्च सीमा तय की गई है। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने का भरोसा जताया है।

Share.
Exit mobile version