Ranchi : झारखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ के अवसर पर तथा सेवा का अधिकार सप्ताह (21 से 28 नवम्बर 2025) के प्रथम दिवस शुक्रवार को राँची जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर निकाय क्षेत्रों में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत भव्य जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया। सेवा के इस महाअभियान में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र से हजारों लाभुक उमड़े और उन्हें एक ही मंच पर कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
कई प्रखंडों में लगाए गए 20 शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी पूरे दिन उपस्थित रहे और नागरिकों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। शिविरों में योजनाओं के आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ मौके पर परिसंपत्ति वितरण, स्वीकृति पत्र प्रदान करना और दस्तावेज निष्पादन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं।
शिविरों में वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन योजनाओं के लंबित एवं नए स्वीकृति पत्र बाँटे गए। वहीं सोना–सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी योजना के तहत योग्य लाभुकों को निःशुल्क वस्त्र उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर जैसे सहायक उपकरणों का वितरण भी किया गया। राजस्व विभाग द्वारा दाखिल-खारिज, शुद्धि प्रमाण पत्र, भूमि संबंधित दस्तावेजों के साथ-साथ जाति, आवासीय और आय प्रमाण-पत्रों का त्वरित निष्पादन किया गया। आधार से संबंधित सेवाएँ तथा अन्य विभागीय योजनाओं के आवेदन भी स्वीकार किए गए।
आज जिन प्रमुख स्थानों पर शिविर आयोजित हुए, उनमें अनगड़ा के चतरा पंचायत, बेड़ो के खुखरा, बुढ़मू के छापर, चान्हो के पण्डरी, नगड़ी के नारो, नामकुम के हरदाग, कांके के उरुगुटू व उपरकोनकी, ओरमांझी के जयडीहा, राहे पंचायत, सिल्ली के हलमाद, सोनाहातु के बारेन्दा, तमाड़ के अमलेशा सहित राँची नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-1 और 2 शामिल हैं।
राँची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री स्वयं कांके प्रखंड के कोनकी शिविर में शामिल हुए और लाभुकों को योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचे। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम इसी नीयत से संचालित किया जा रहा है।”
सेवा का अधिकार सप्ताह के अंतर्गत 28 नवंबर तक जिले के सभी प्रखंडों व नगर निकाय क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।



