रांची। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा लगातार विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को चर्च रोड से कर्बला चौक तक सघन अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया गया।

नगर निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त सहयोग से यह कार्रवाई की। इस मार्ग पर लगातार लगने वाले जाम और यातायात बाधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

अभियान के दौरान नगर निगम एवं अंचल कार्यालय के अमीन द्वारा सड़क की विधिवत मापी की गई। मापी के बाद दुकानों, गुमटियों, अवैध निर्माणों और अन्य अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क पर बने अवैध ढांचों को हटाया गया। इसके साथ ही दुकानों के बाहर लगाए गए शेड, टीन शेड और अन्य अवैध विस्तार भी हटाए गए।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों और गली-मोहल्लों को अतिक्रमण और जाम से मुक्त रखने के लिए यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और स्वयं अतिक्रमण न करें। नागरिकों की सहभागिता से ही रांची को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला शहर बनाया जा सकता है।

Share.
Exit mobile version