धनबाद: कोयला उद्योग से सेवानिवृत्त हुए बुजुर्गों और आश्रित पेंशनरों के लिए केंद्र सरकार तथा कोयला खान भविष्य निधि संगठन (CMPFO) ने एक बेहद संवेदनशील और राहत भरी पहल शुरू की है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के सांविधिक निकाय CMPFO के क्षेत्रीय कार्यालय धनबाद-1 ने ‘डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0’ की शुरुआत की है। 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस महीने भर के विशेष अभियान का मकसद सभी आयु वर्ग के वरिष्ठ, लाचार एवं अस्वस्थ पेंशनरों को दफ्तरों के चक्कर काटे बिना घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस नई व्यवस्था के तहत पेंशनरों को किसी भी प्रकार के कागजी दस्तावेज लेकर दफ्तरों या बैंकों की लंबी लाइनों में खड़े होने की मजबूरी खत्म हो गई है। पेंशनर बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन जैसी आधुनिक तकनीकों के जरिए सरलता से अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट दर्ज करा सकते हैं। बुजुर्ग पेंशनरों को इस प्रक्रिया से पूरी तरह अवगत कराने के लिए बीसीसीएल (BCCL) के विभिन्न कार्यक्षेत्रों में तिथिवार विशेष जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
जागरूकता शिविरों का पूरा कार्यक्रम
23 नवंबर 2026 (पूर्वाह्न 11:30 बजे, स्थान: CCWO): बस्ताकोला एरिया (एरिया-9), इंडिपेंडेंट यूनिट्स (बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन), सेंट्रल हॉस्पिटल, सीसीडब्ल्यूओ, सीएमपीडीआई, बीटीएस, एमआरएस और डब्ल्यूसीडी क्षेत्र के पेंशनर्स।
25 नवंबर 2026 (पूर्वाह्न 11:30 बजे, स्थान: कुसुंडा एरिया): कुसुंडा एरिया (एरिया-6), पी.बी. एरिया (एरिया-7), डब्ल्यू.जे. एरिया (एरिया-2) तथा ई.जे. एरिया व सुदामडीह क्षेत्र (एरिया-11) के पेंशनर्स।
27 नवंबर 2026 (पूर्वाह्न 11:30 बजे, स्थान: सीवी एरिया): सीवी एरिया (एरिया-12) के सभी पेंशनर्स।
संगठन ने बताया कि पेंशनर इन तारीखों पर शिविरों में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं और डिजिटल सर्टिफिकेट बनवाने की व्यावहारिक प्रक्रिया समझ सकते हैं। इसके अलावा पूरी जानकारी CMPFO की आधिकारिक वेबसाइट (www.cmpfo.gov.in) तथा सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी उपलब्ध कराई गई है।
सहायक आयुक्त एवं क्षेत्रीय प्रमुख रवि कुमार सिन्हा ने सभी कोयला पेंशनर्स से अपील की है कि वे समय सीमा समाप्त होने से पूर्व डिजिटल माध्यम से अपना जीवन प्रमाण पत्र अवश्य जमा कर लें, ताकि उनकी मासिक पेंशन बिना किसी रुकावट के सीधे बैंक खाते में निरंतर पहुंचती रहे।






