Ranchi : झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मॉनिटरिंग के लिए जिला मुख्यालय में स्थापित वेबकास्टिंग सेंटर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि उपचुनाव का मतदान मंगलवार, 11 नवम्बर 2025 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। सभी पोलिंग पार्टियां सोमवार शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगी और रिपोर्ट करेंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा और निगरानी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय से वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी।
श्री रवि कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेते हुए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।



