Ranchi : राजधानी रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने जिले में सात पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इस संबंध में रविवार देर रात अधिसूचना जारी की गई। तबादले की सूची में पांच इंस्पेक्टर और दो सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार इंस्पेक्टर अशोक कुमार को सुखदेव नगर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी को सदर पश्चिमी सर्किल इंस्पेक्टर का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा इंस्पेक्टर जयप्रकाश राणा को मांडर सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है।
इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार साहू को डायल 112 का प्रभारी बनाया गया है, वहीं इंस्पेक्टर सुशील कुमार को यातायात थाना प्रभारी कोतवाली (चुटिया) की जिम्मेदारी दी गई है।
सब-इंस्पेक्टर स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। नवीन कुमार को सिल्ली थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि दिनेश कुमार ठाकुर को झारखंड उच्च न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि यह तबादला पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में किसी तरह की ढिलाई न हो।



