Ranchi : जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए रांची नगर निगम ने बेघर, जरूरतमंद और खुले आसमान के नीचे रात बिताने वाले लोगों के लिए विशेष राहत अभियान शुरू किया है। प्रशासक के निर्देश पर निगम की टीमें प्रतिदिन देर रात शहर भर में रेस्क्यू अभियान चला रही हैं, जिसमें सड़क किनारे ठंड से जूझ रहे लोगों को चिन्हित कर उन्हें निकटतम आश्रय गृहों में सुरक्षित रूप से पहुँचाया जा रहा है।

निगम ने न केवल रेस्क्यू अभियान को प्राथमिकता दी है, बल्कि लोगों को ठंड से बचाव के लिए जागरूक करने का अभियान भी साथ-साथ चलाया जा रहा है। निगम अधिकारियों के अनुसार, शीतलहर के दौरान किसी भी व्यक्ति को सड़क पर रात गुजारने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा।

4 दिसंबर 2025 की रात को चलाए गए विशेष अभियान में मेन रोड, बिरसा मुंडा बस स्टैंड, रांची रेलवे स्टेशन, रातू रोड, किशोरी यादव चौक, धुर्वा, आईटीआई बस स्टैंड, मोराबादी, बरियातू रोड, बूटी मोड़ और डोरंडा क्षेत्र सहित शहर के कई हिस्सों में बेघर व्यक्तियों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर विभिन्न आश्रय गृहों तक पहुँचाया गया।

रांची नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को ठंड में सड़क किनारे सोते हुए देखें, तो तुरंत निगम के हेल्पलाइन 18005701235 पर जानकारी दें। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुँचकर संबंधित व्यक्ति को आश्रय गृह ले जाएगी।

रांची नगर निगम द्वारा संचालित प्रमुख आश्रय गृह

  • भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल (पुरुष एवं महिला आश्रय गृह)
  • धुर्वा बस स्टैंड
  • एजी मोड़, डोरंडा
  • मधुकम चुना भट्टा
  • रिम्स परिसर
  • बकरी बाजार
  • कर्बला चौक
  • जगन्नाथपुर मंदिर के समीप
  • आईटीआई बस स्टैंड

नगर निगम ने कहा है कि यह अभियान प्रतिदिन व्यापक पैमाने पर जारी रहेगा और किसी भी जरूरतमंद को ठंड से खतरा न हो, इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share.
Exit mobile version