फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची में बुलडोजर का प्रहार: 10 घर जमींदोज, महुआ टोली में भारी बवाल

Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित खादगढ़ा महुआ टोली इलाके में मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। अतिक्रमण हटाने की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान घंटों तक मौके पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही। जिला प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित खादगढ़ा महुआ टोली इलाके में मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। अतिक्रमण हटाने की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान घंटों तक मौके पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही। जिला प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 27 कट्ठा जमीन पर बने 10 पक्के मकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद कई परिवार कड़ाके की ठंड और अनिश्चितता के बीच खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर हो गए हैं।

कार्रवाई की शुरुआत मंगलवार सुबह हुई जब प्रशासनिक अमला बुलडोजर के साथ महुआ टोली पहुंचा। तोड़फोड़ शुरू होते ही स्थानीय निवासी विरोध में उतर आए। महिलाएं और बच्चे अपने आशियाने को बचाने के लिए सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना था कि वे दशकों से यहाँ रहकर अपना गुजर-बसर कर रहे थे और अचानक हुई इस कार्रवाई ने उन्हें कहीं का नहीं छोड़ा। कई घरों का सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला और सब कुछ मलबे में तब्दील हो गया।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, यह पूरी जमीन महादेव उरांव नामक व्यक्ति की है। जमीन के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से झारखंड हाईकोर्ट में मामला चल रहा था। अदालत का फैसला महादेव उरांव के पक्ष में आने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। अधिकारियों का तर्क है कि यह जमीन पूरी तरह अवैध कब्जे में थी और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही मकानों को हटाया गया है।

तोड़फोड़ के दौरान मौके पर मौजूद परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल था। टूटे हुए घरों के सामने खड़े लोग अपने भविष्य को लेकर चिंतित दिखे। बच्चों की शिक्षा और सिर छिपाने की छत छिन जाने का दर्द उनके चेहरों पर साफ झलक रहा था। हंगामे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और देर दोपहर तक स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती जारी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram