Ranchi : जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए रांची जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद, बेसहारा और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से जिले के सभी प्रखंडों और रांची शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है, वहीं आश्रितों और जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण भी किया जा रहा है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री स्वयं इस मानवीय अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वे प्रतिदिन रात के समय शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं और स्वयं जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर रहे हैं। उपायुक्त द्वारा पहले ही संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शीतलहर के कारण किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो और सभी पात्र लोगों तक समय पर सहायता पहुंचे।
इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त श्री भजन्त्री चिरौंदी स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वृद्धजनों एवं आश्रमवासियों के बीच कंबल का वितरण किया। इस अवसर पर वृद्धजनों ने जिला प्रशासन के इस संवेदनशील कदम के लिए आभार व्यक्त किया और ठंड से राहत मिलने पर खुशी जाहिर की।
इस दौरान सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, रांची रविशंकर मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी ठंड से पीड़ित कोई बेसहारा व्यक्ति दिखाई दे, तो तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना अथवा प्रखंड कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यह राहत अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



