Ramgarh News: रामगढ़ जिले में अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। रामगढ़ पुलिस ने महुआटांड हेसला क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला खनन और इसके गुप्त भंडारण के सिंडिकेट को ध्वस्त कर दिया है। एसपी अजय कुमार के निर्देश पर हुई इस छापेमारी में पुलिस ने कुख्यात माफिया शालू खान उर्फ सलमान खान के गोल भट्ठे से लगभग 70 टन अवैध कोयला बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर आधी रात को एक्शन; भट्ठे में छिपा था चोरी का ‘खजाना’

एसपी अजय कुमार को पुख्ता जानकारी मिली थी कि हेसला के महुआटांड स्थित शालू खान के भट्ठे में अवैध रूप से भारी मात्रा में कोयला डंप किया गया है, जिसे ऊंचे दामों पर बाहर भेजने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जब मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की, तो वहां कोयले का विशाल भंडार मिला। जब पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से कागजात की मांग की, तो कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया गया।

अनूप पाठक और सलमान खान समेत 5 पर FIR; भूमि मालिक भी लपेटे में

पुलिस ने इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पांच मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें सिंडिकेट चलाने वाले अनूप पाठक, शालू खान उर्फ सलमान खान, अमन खान और संजर खान शामिल हैं। इसके अलावा, जिस जमीन पर यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा था, उस भूमि के मालिक को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का मानना है कि इस सिंडिकेट के तार अन्य बड़े कारोबारियों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है।

एसपी की दोटूक: रामगढ़ में नहीं चलेगा अवैध माइनिंग का धंधा

एसपी अजय कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि रामगढ़ पुलिस अवैध खनन और कोयले के गैरकानूनी परिवहन पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी राजस्व को चूना लगाने वाले और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। क्षेत्र में पुलिस की इस तत्परता ने अवैध धंधेबाजों की कमर तोड़ दी है।

इस खबर को भी पढ़ें : “महुआटांड़ में अवैध कोयला खदान पर छापा, भारी मात्रा में कोयला मिला”

Share.
Exit mobile version