Ranchi : रांची में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को रक्षाबंधन और खुशी प्राप्त अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत झारखंड के खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास से हुई।
इस मौके पर संस्था की संचालिका बीके राजमती दीदी ने मंत्री को ईश्वरीय रक्षासूत्र बांधा और अंगवस्त्र भेंट किया। उन्होंने मंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और सफल जनसेवा की कामना की।
शांति और सकारात्मक सोच का संदेश
बीके राजमती दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है। यह प्रेम, पवित्रता, शांति और सकारात्मक सोच का संदेश भी देता है। अभियान के जरिए लोगों को तनावमुक्त और खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
30 अगस्त तक चलेगा अभियान
यह अभियान 19 से 30 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान रांची के अलावा रामगढ़, हजारीबाग, बड़कागांव और बोकारो सहित कई जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रक्षासूत्र बांधा जाएगा।
अभियान के दौरान लोगों को राजयोग मेडिटेशन और आध्यात्मिक ज्ञान की जानकारी भी दी जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों के जीवन में शांति, प्रेम, खुशी और सकारात्मकता को बढ़ावा देना है।




