फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड में बारिश का दौर जारी, छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड में बारिश का दौर अभी जारी है। राजधानी रांची में बुधवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। करीब 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी रांची में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड में बारिश का दौर अभी जारी है। राजधानी रांची में बुधवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। करीब 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी रांची में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। रामगढ़ के पतरातू में सबसे ज्यादा 190 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।

छह जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, झारखंड और आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर हो गया है। हालांकि बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं लगातार झारखंड की ओर आ रही हैं। इसके कारण बारिश के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, गुरुवार को रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सात जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

लगातार बारिश से झारखंड के सात जिलों में मानसून की सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा हो गया है। बुधवार को लातेहार भी इस सूची में शामिल हो गया। इन जिलों में अब तक सामान्य से करीब 4 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

हालांकि पूरे राज्य में अभी भी बारिश की कमी बनी हुई है। झारखंड में अब तक 633.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश जारी रहने पर राज्य में बारिश की कमी कुछ हद तक दूर हो सकती है। वहीं, लगातार बारिश को देखते हुए निचले इलाकों और ग्रामीण सड़कों पर लोगों को सावधानी से आने-जाने की सलाह दी गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram