रांची। राजधानी रांची में एक बार फिर रंगदारी का मामला सामने आने से रियल एस्टेट कारोबारियों में दहशत का माहौल है। शहर के जाने-माने बिल्डर राफे कमाल से अपराधियों ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रंगदारी नहीं देने की सूरत में उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। इस गंभीर मामले को लेकर बिल्डर ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
प्राथमिकी के अनुसार राफे कमाल की पंडरा इलाके में एक जमीन है। इसी जमीन को लेकर पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि धमकी देने वालों में तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि ये लोग जमीन पर जबरन दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे।
बिल्डर के अनुसार 6 जनवरी को जब वे अपनी जमीन देखने पंडरा पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे राहुल दुबे गिरोह और अमन साहु गिरोह से बात कर लें। अपराधी गिरोहों का नाम लेकर उन्हें जमीन से भगा दिया गया। इस घटना के बाद उनका मानसिक उत्पीड़न और बढ़ गया।
इसी दिन शाम को एक अनजान नंबर से उनके मोबाइल पर मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गिरोह का सदस्य प्रकाश शुक्ला बताया और सीधे तौर पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। यही नहीं, 17 जनवरी को आरोपियों ने हद पार करते हुए राफे कमाल के भाई की रेकी का वीडियो भी भेज दिया, जिससे परिवार में डर का माहौल बन गया।
लगातार मिल रही धमकियों और सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बाद राफे कमाल ने अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है और आरोपितों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में अपराधियों के बढ़ते हौसले और बिल्डरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



