फॉण्ट कनवर्टर NEW

10 लाख नौकरी के वादे पर उठे सवाल, अब तक सिर्फ 1556 नियुक्ति पत्र बांट पाई सरकार

Ranchi : झारखंड में रोजगार को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हेमंत सरकार पार्ट-टू युवाओं को नौकरी देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार ने

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : झारखंड में रोजगार को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हेमंत सरकार पार्ट-टू युवाओं को नौकरी देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार ने चुनाव के समय युवाओं से 10 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया था और छह महीने के भीतर नियुक्तियों का रोडमैप जारी करने की बात कही थी, लेकिन आज तक यह सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।

प्रतुल शाहदेव ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि नौ महीने बीतने के बाद भी सरकार केवल 1556 नियुक्ति पत्र ही बांट पाई है, जिसमें भी अधिकांश पद शिक्षा विभाग के हैं। यह आंकड़ा कुल वादे का मात्र 0.15 प्रतिशत है, जो बेहद शर्मनाक और निराशाजनक है।

भाजपा प्रवक्ता ने याद दिलाया कि हेमंत सरकार के पिछले कार्यकाल में भी 25 लाख नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन उसका भी कोई ठोस हिसाब जनता को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में सफल घोषित हुए 342 अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है और सरकार इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है।

प्रतुल ने आरोप लगाया कि राज्य के लाखों युवा रोजगार की आस लगाए बैठे हैं, लेकिन सरकार उन्हें सिर्फ खोखले वादे और जुमले सुना रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा गति से हेमंत सरकार का 10 लाख नौकरियां देने का वादा कभी पूरा नहीं हो पाएगा। भाजपा युवाओं की आवाज उठाती रहेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram