Ranchi : झारखंड पुलिस के अधिकारियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य पुलिस सेवा के आठ अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नति देने को लेकर भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिसूचना भारतीय पुलिस सेवा (नियुक्ति के माध्यम से चयन) नियम, 1955 के प्रावधानों के तहत जारी की गई है।

आईपीएस में प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, दीपक कुमार, मंजरुल होदा, राजेश कुमार, रौशन गुड़िया और श्रीराम समद के नाम शामिल हैं। यह पदोन्नति वर्षों से लंबित रिक्त पदों को भरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इन आठ अधिकारियों में से तीन अधिकारियों शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर और मुकेश कुमार महतो को “प्रोविजनली” यानी अस्थायी रूप से चयन सूची में शामिल किया गया है। इसका अर्थ यह है कि इन तीनों अधिकारियों के विरुद्ध यदि कोई विभागीय या आपराधिक मामला लंबित है, तो उसकी अंतिम जांच रिपोर्ट और राज्य सरकार द्वारा उपयुक्तता प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही उनकी पदोन्नति को अंतिम रूप दिया जाएगा। गौरतलब हो कि उक्त अधिकारियों का नाम जेपीएससी नियुक्ति घोटाला में शामिल है और उनकी नियुक्ति विधि विरुद्ध की गई थी, जिस पर सीबीआई जांच जारी है। इनमें मुकेश कुमार महतो तत्कालीन गृह मंत्री सुदेश कुमार महतो के भाई हैं। वहीं, कुछ तत्कालीन जेपीएससी सदस्य के सगे-संबंधी हैं।

गृह मंत्रालय की अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नाम चयन सूची में शामिल होने के बावजूद अंतिम नियुक्ति तभी मानी जाएगी, जब संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की औपचारिक अनुशंसा प्राप्त होगी, राज्य सरकार की ओर से सतर्कता और ईमानदारी से संबंधित रिपोर्ट पूरी होगी और सभी लंबित मामलों का निपटारा हो जाएगा।

अधिसूचना के अनुसार, संघ लोक सेवा आयोग ने 8 दिसंबर 2025 को बैठक आयोजित कर वर्ष 2022 और 2023 की चयन सूची को अपनी स्वीकृति प्रदान की है। इसी के आधार पर झारखंड राज्य पुलिस सेवा के इन अधिकारियों के नाम आईपीएस पदोन्नति के लिए चयन सूची में शामिल किए गए हैं।

इस प्रक्रिया के बाद इन अधिकारियों को झारखंड कैडर में रिक्त पड़े आठ आईपीएस पदों पर नियुक्त किया जाएगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में इस संबंध में अंतिम नियुक्ति आदेश जारी किए जा सकते हैं, ताकि चयनित अधिकारी शीघ्र ही नई जिम्मेदारियां संभाल सकें।

Share.
Exit mobile version