रांची: ऐतिहासिक अल्बर्ट एक्का चौक पर शनिवार को पत्रकारों ने डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मामला हाल ही में एक महिला पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार और कैमरे से जबरन मेमोरी कार्ड छीने जाने से जुड़ा है। दरअसल, सोशल मीडिया पर विधायक का एक पुलिसकर्मी को गाली देते ऑडियो वायरल हुआ था, जिसके सिलसिले में महिला पत्रकार उनका इंटरव्यू लेने पहुंची थीं।
आरोप है कि साक्षात्कार के तुरंत बाद विधायक के समर्थकों ने उनके साथ बदसलूकी की और कैमरे से मेमोरी कार्ड निकाल लिया। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर इस आपबीती को साझा किया, जिसके बाद पूरे मीडिया जगत में आक्रोश फैल गया। पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और मेमोरी कार्ड वापस नहीं करते, तो वे विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।




