Ranchi : इंडिगो की कई उड़ानें रद्द होने के बाद राजधानी रांची में यात्रियों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ा है। हवाई सेवा बाधित होने के कारण बड़ी संख्या में यात्री अब रेलवे परिवहन पर निर्भर हो गए हैं, जिससे ट्रेनों में अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिल रही है। हालात को देखते हुए झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स ने रांची रेल मंडल के डीआरएम को पत्र लिखकर प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने की मांग की है।

चेंबर की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि उड़ानों के रद्द होने से अचानक यात्री संख्या में भारी वृद्धि हुई है। इसके कारण सीटों की उपलब्धता कम पड़ रही है और प्रतीक्षा सूची तेज़ी से बढ़ रही है। यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर लंबे रूट की ट्रेनों में स्थिति अधिक चिंताजनक होती जा रही है।

चेंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जरूर लगाए गए हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि यात्रियों की मांग और प्रतीक्षा सूची के आंकड़ों का विश्लेषण कर भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में तत्काल अतिरिक्त कोच जोड़े जाएं, ताकि आम यात्रियों को राहत मिल सके।

डीआरयूसीसी सदस्य संजय अखौरी ने भी स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान हालात असामान्य हैं। शादी-विवाह का मौसम, प्रतियोगी परीक्षाएं और इलाज के लिए यात्रा करने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई है, जिससे कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट खतरनाक स्तर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने रेलवे से तत्काल विशेष कदम उठाने की मांग की।

Share.
Exit mobile version