Adityapur News: जमशेदपुर दौरे पर आईं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को एक बार फिर अपनी सहजता और सादगी से लौहनगरी के लोगों का दिल जीत लिया। मौका था एनआईटी (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह का, लेकिन चर्चा उनके कार्यक्रम से ज्यादा सड़क पर दिखाए गए आत्मीय व्यवहार की हो रही है। आदित्यपुर के आकाशवाणी चौक के पास जैसे ही राष्ट्रपति का काफिला पहुंचा, महामहिम ने अचानक अपनी गाड़ी रुकवा दी।

महामहिम की सादगी ने जीता लोगों का दिल

सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच अचानक काफिला रुकने से एक पल के लिए सुरक्षाकर्मी भी चकित रह गए, लेकिन राष्ट्रपति मुस्कुराते हुए वाहन से नीचे उतरीं और सड़क किनारे घंटों से अपनी एक झलक पाने का इंतजार कर रहे लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। यह देख वहां मौजूद भीड़ का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया और पूरा इलाका ‘भारत माता की जय’ के नारों से गुंजायमान हो गया।

जनता के बीच पहुंचीं अपनी ‘आयो’

स्थानीय लोगों के लिए यह पल किसी सपने जैसा था। आमतौर पर राष्ट्रपति जैसे वीवीआईपी (VVIP) सुरक्षा कारणों से सीधे निकल जाते हैं, लेकिन द्रौपदी मुर्मू ने प्रोटोकॉल से हटकर आम जनता के बीच जाकर यह साबित कर दिया कि वे आज भी अपनी जड़ों और लोगों से उतनी ही गहराई से जुड़ी हैं। कुछ देर तक लोगों का प्यार स्वीकार करने के बाद उनका काफिला एनआईटी के दीक्षांत समारोह के लिए आगे बढ़ गया, लेकिन उनकी यह आत्मीयता आदित्यपुर के लोगों के लिए ताउम्र याद रखने वाली सौगात बन गई।

Share.
Exit mobile version