Bokaro News: सोमवार को चास नगर निगम कार्यालय में बोकारो विधानसभा की लोकप्रिय विधायक श्रीमती श्वेता सिंह ने अपर नगर आयुक्त, चास श्री संजीव कुमार के साथ चास नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों, आधारभूत संरचनाओं तथा नागरिक सुविधाओं को लेकर एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उप महापौर पूजा कुमारी, नगर निगम के वार्ड पार्षदगण, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्रीमती श्वेता सिंह ने स्पष्ट कहा कि चास शहर का सुनियोजित विकास, आधुनिक शहरी आधारभूत संरचना का निर्माण तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक योजना समयबद्ध तरीके से धरातल पर दिखाई देनी चाहिए।
बैठक के दौरान विधायक ने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से संबंधित लगातार मिल रही शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष पाइपलाइन लीकेज, अनियमित जलापूर्ति, कम प्रेशर, कई क्षेत्रों में समय पर पानी नहीं पहुंचने तथा जलापूर्ति व्यवस्था के समुचित रखरखाव जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लीकेज की तत्काल मरम्मत की जाए तथा जिन क्षेत्रों में लंबे समय से समस्या बनी हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विधायक श्रीमती श्वेता सिंह ने नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण नगर निगम की मूल जिम्मेदारी है। उन्होंने नियमित कचरा उठाव, नालियों की साफ-सफाई, जलजमाव की रोकथाम तथा वार्डवार सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
बैठक में विधायक ने विशेष रूप से अंडरग्राउंड सीवेज सिस्टम को चास शहर के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक बताते हुए इसकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे चास शहर के लिए आधुनिक सीवेज नेटवर्क अत्यंत आवश्यक है, जिससे जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और भविष्य में शहर की आधारभूत संरचना और अधिक सुदृढ़ होगी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा इस परियोजना से संबंधित विभागीय औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जा रहा है। विधायक ने इस कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।
इसी क्रम में विधायक ने ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ट्रांसपोर्ट नगर के लिए आवश्यक भूमि नगर निगम द्वारा क्रय की जा रही है तथा सभी प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना बहुत जल्द धरातल पर दिखाई देगी और चास शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
बैठक में प्रस्तावित नगर निगम बस स्टैंड परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को शेयरिंग मॉडल के माध्यम से विकसित किया जा रहा है तथा इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विधायक ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा शहर की परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।
विधायक श्वेता सिंह ने बाज़ार समिति की भूमि के संरक्षण एवं उसके जनहित में उपयोग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है तथा ऐसी भूमि का उपयोग नागरिक सुविधाओं के विकास एवं सार्वजनिक हित के कार्यों के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने नगर निगम को इस दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया।
बैठक के दौरान वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से इन परियोजनाओं का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें पूरा कराने का निर्देश दिया।
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह तय किया गया कि चास नगर निगम क्षेत्र के विस्थापित वार्डों की समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु विधायक श्रीमती श्वेता सिंह के नेतृत्व में शीघ्र ही जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन एवं सेल (SAIL) प्रबंधन के साथ एक संयुक्त उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विस्थापित क्षेत्रों की पेयजल, सड़क, नाली, जलनिकासी, स्वच्छता, आधारभूत संरचना एवं अन्य लंबित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा कर उनके समाधान के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक के समापन पर विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि बोकारो विधानसभा के प्रत्येक नागरिक को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना, विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से होता है। इसी सोच के साथ चास नगर निगम क्षेत्र में पेयजल, सड़क, सीवेज, स्वच्छता, परिवहन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से चास शहर आने वाले समय में एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण शहर के रूप में विकसित होगा।




