गुमला। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के सफल, पारदर्शी और त्रुटिरहित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री कविता खलखो की अध्यक्षता में आज एक व्यापक समीक्षा सह रणनीति निर्धारण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला मुख्यालय में सम्पन्न हुई, जिसमें नवोदय विद्यालय मसरिया, घाघरा के प्राचार्य एवं उनकी टीम सहित जिले के सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक सह प्रधानाध्यापक उपस्थित थे। बैठक में प्रवेश परीक्षा के संचालन की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रश्नपत्र सुरक्षा, सेंटर-वार व्यवस्थाओं की मजबूती, परीक्षार्थियों के प्रवेश सत्यापन, परीक्षा कक्ष अनुशासन, सतत मॉनिटरिंग, समयबद्ध रिपोर्टिंग तथा अधिकारियों के दायित्वों की बारीकी से समीक्षा की गई। डीईओ ने स्पष्ट कहा कि नवोदय प्रवेश परीक्षा की विश्वसनीयता सर्वोच्च है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक का माहौल सम्मान और प्रोत्साहन से भी भरा रहा। नवोदय विद्यालय मसरिया, घाघरा के प्राचार्य द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री खलखो को स्मृति-चिन्ह, शॉल एवं बुके भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही फॉर्म भरवाने से लेकर परीक्षा संचालन में योगदान देने वाले केंद्राधीक्षक, बीईओ, बीपीओ सहित सभी शिक्षा अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। विशेष रूप से जिले के बीपीओ को शिक्षा गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया, जिससे उपस्थित अधिकारियों में उत्साह देखा गया। अंत में डीईओ ने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अनुशासन, पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि गुमला जिला नवोदय प्रवेश परीक्षा संचालन में राज्य स्तर पर एक आदर्श प्रस्तुत कर सके।

Share.
Exit mobile version