गुमला/चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप 15वें वित्त आयोग अंतर्गत अनुदान मद (टाइड) से निर्मित शौचालय की घटिया गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बुधवार, 19 मार्च 2025 को जब निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद संवेदक ने जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा को उद्घाटन के लिए बुलाया, तो उन्होंने कार्य की गुणवत्ता को देखते हुए उद्घाटन करने से साफ इनकार कर दिया।यह निर्माण कार्य ‘चैनपुर अनुमंडल अंतर्गत बस स्टैंड में शौचालय निर्माण योजना 2023–24’ के तहत ₹5,15,000 की प्राक्कलन राशि से कराया गया था। कार्य का जिम्मा एम. के कंट्रक्शन नामक संवेदक के पास था। योजना की अनुशंसा जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा द्वारा ही की गई थी।उद्घाटन के लिए पहुंचने पर, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा को स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में हुई भारी अनियमितताओं की शिकायत की। शिकायत के आधार पर उन्होंने स्वयं कार्य स्थल का जायजा लिया। कार्य की घटिया गुणवत्ता से वह बेहद नाराज़ हुईं और संवेदक तथा इंजीनियर पर जमकर भड़कीं।मेरी लकड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जब तक कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं होगा, मैं इसे हैंडओवर नहीं लूंगी और न ही इसका उद्घाटन करूंगी। जनता के पैसे से हो रहे इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने संवेदक को चेतावनी दी कि नियमानुसार सुधार करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।कार्य स्थल के निरीक्षण के दौरान जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा के साथ, मुकेश कुमार, अरुण जयसवाल, पुरुनंदु शर्मा, गणेश साहू सहित कई स्थानीय लोग और ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने घटिया निर्माण पर रोष व्यक्त किया।



