हजारीबाग: जिले के कोयलांचल क्षेत्रों में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले करीब दो महीनों में पुलिस और अपराधियों के बीच तीन मुठभेड़ हुई हैं। इन घटनाओं में कई अपराधी घायल हुए और कुछ की गिरफ्तारी भी हुई।
पुलिस की कार्रवाई में राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधियों के नाम सामने आए हैं। कार्रवाई केरेडारी, बड़कागांव और गिद्दी इलाके में हुई।
25 जुलाई को केरेडारी में मुठभेड़
केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरू जंगल के पास 25 जुलाई को पुलिस और राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली से मो. रागीब अफजल घायल हुआ, जबकि उसके साथी जितेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से देसी पिस्टल, तीन मोबाइल और एक बाइक बरामद करने की जानकारी दी।
30 जुलाई को बड़कागांव में फायरिंग
इसके बाद 30 जुलाई को बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड के पास पुलिस की अपराधियों से भिड़ंत हुई। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हो गया। उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गये। पुलिस ने बाद में इलाके में सर्च अभियान चलाया।
22 अगस्त को गिद्दी में दो अपराधी घायल
22 अगस्त की सुबह गिद्दी में पुलिस ने बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, अपराधी जंगल की ओर भाग गये और वहां से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया।
लगातार जारी है अभियान
लगातार हो रही कार्रवाई से हजारीबाग के कोयलांचल क्षेत्रों में सक्रिय अपराधी गिरोह पुलिस के निशाने पर हैं। पुलिस लेवी वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार सर्च अभियान चला रही है।




