Ranchi : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का शुभारंभ शनिवार को किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में चलाया जा रहा है।
इस वर्ष राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की थीम “सीख से सुरक्षा” निर्धारित की गई है। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं आज जीवन और संपत्ति के नुकसान का एक बड़ा कारण बन चुकी हैं। ऐसे में यातायात नियमों की जानकारी और उनका पालन ही दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। जागरूकता रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवर स्पीडिंग से बचाव, नशे में वाहन न चलाने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करेगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) रांची राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) राकेश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों के पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में जिले में 746 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 550 लोगों की मौत और 465 लोग घायल हुए। वहीं वर्ष 2025 में नवंबर तक 747 दुर्घटनाओं में 504 मौतें और 486 घायल दर्ज किए गए हैं, जो चिंता का विषय है।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में जागरूकता रथ, सड़क सुरक्षा चौपाल, स्कूलों-कॉलेजों में “सावधानी की पाठशाला”, हेल्थ चेकअप कैंप, वाहन चालकों का प्रशिक्षण, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, खेलकूद प्रतियोगिता और वाहन जांच अभियान जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं।



