World News: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में सोमवार सुबह ऐसा माहौल बन गया, मानो शहर एक बार फिर दहशत की गिरफ्त में लौट आया हो। शहर के व्यस्त सद्दर इलाके में स्थित फेडरल कॉन्स्टेबुलरी (FC) मुख्यालय पर आतंकियों ने अचानक हमला कर दिया। सुबह-सुबह गूंजे दो तेज धमाकों और उसके बाद होने वाली गोलाबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया।

सुरक्षा बल और हमलावरों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़

कैपिटल सिटी पुलिस अधिकारी डॉ. मियां सईद अहमद ने बताया कि आतंकियों ने सीधे FC मुख्यालय के गेट को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभाला और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में रैपिड रिएक्शन फोर्स और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद रुक-रुक कर गोलाबारी जारी रही।

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि एक आत्मघाती हमलावर ने मुख्यालय के गेट के पास खुद को उड़ा लिया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास का इलाका कुछ मिनट तक धुएं और चीख-पुकार से भर गया। ब्लास्ट के तुरंत बाद फायरिंग की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि आतंकियों की संख्या एक से अधिक थी।

व्यस्त इलाका पूरी तरह बंद, सर्च ऑपरेशन तेज

हमले के बाद पूरे सद्दर इलाके को बंद कर दिया गया। आम नागरिकों और वाहनों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगा दी गई। सुरक्षा बल घर–घर तलाशी ले रहे हैं और कई संदिग्ध स्थानों को सील किया गया है। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार हमला करने आए कुछ आतंकियों के मारे जाने की भी बात सामने आ रही है, हालांकि अभी तक न तो मौतों और न ही घायलों के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि हुई है।

आतंकी संगठनों की बढ़ती सक्रियता पर चिंता

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में पिछले कुछ महीनों से आतंकी घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) इन इलाकों में लंबे समय से सक्रिय हैं और सुरक्षाबलों तथा सरकारी ठिकानों को निशाना बनाते रहे हैं। FC मुख्यालय जैसा सख्त सुरक्षा वाला स्थान भी अगर आतंकियों की पहुंच में आ गया है, तो यह पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल सुरक्षाबलों ने पूरे मामले को “मेजर ऑपरेशन” बताते हुए इलाके में हाई-अलर्ट घोषित कर दिया है।

Share.
Exit mobile version