Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आदित्यपुर स्टेशन से गम्हरिया जंक्शन की ओर जाने वाली रेल लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिला। यह सनसनीखेज दृश्य पोल संख्या 258/22-24 के पास देखा गया, जहां एक पुरुष का धड़ नग्न अवस्था में पड़ा था, जबकि सिर शरीर से कुछ दूरी पर मिला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार 2 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे रेल लाइन के पास शव दिखने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

इस खबर को भी पढ़ें : चक्रधरपुर रेल मंडल में फिर हादसा, ड्यूटी के दौरान ट्रैक मेंटेनर की मौत

खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजकर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला रेल दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा है या किसी आपराधिक साजिश का नतीजा। घटना के बाद से रेल लाइन से सटे इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share.
Exit mobile version