Sports Desk: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने उन विदेशी खिलाड़ियों के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है, जिन्होंने अंतिम समय में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को ठेंगा दिखाकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रुख किया है। लगातार दूसरे साल PSL और IPL की तारीखें आपस में टकरा रही हैं, जिससे पीसीबी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नकवी ने साफ कर दिया है कि लीग के साथ धोखाधड़ी करने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ नियमों के मुताबिक सख्त कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ताजा मामला श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका से जुड़ा है, जो लाहौर कलंदर्स को छोड़कर IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने जा रहे हैं। राजस्थान ने उन्हें चोटिल सैम करन की जगह टीम में शामिल किया है। शनाका से पहले जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजारबानी भी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ करार होते ही PSL से हाथ खींच चुके हैं। नकवी ने याद दिलाया कि पिछले साल भी कॉर्बिन बॉश के साथ ऐसा ही हुआ था, जिन्हें PSL से एक साल के लिए प्रतिबंधित (Ban) कर दिया गया था। इस बार भी सजा कुछ वैसी ही होगी।
“हमारे पास समय की कमी, PSL नहीं टाल सकते”
मोहसिन नकवी ने खिलाड़ियों के पलायन पर बेबाकी से कहा, “IPL के साथ टकराव हमारे लिए समस्या नहीं है। अगर कुछ खिलाड़ी वहां जा रहे हैं, तो हमारे पास भी बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं। हमने PSL की तारीखें इसलिए नहीं बदलीं क्योंकि पूरे साल हमारे पास कोई और विंडो खाली नहीं है।” शनाका की जगह अब ऑस्ट्रेलिया के डेनियल सैम्स लाहौर कलंदर्स की टीम में शामिल होंगे। हालांकि, गुडाकेश मोती और जेक फ्रेजर-मैकगर्क जैसे खिलाड़ियों ने भी नाम वापस लिया है, लेकिन उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया है।
तेल संकट और बंद दरवाजों के पीछे होगा टूर्नामेंट
26 मार्च से शुरू होने वाले PSL के इस सीजन पर युद्ध की छाया भी मंडरा रही है। नकवी ने रविवार को घोषणा की कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण पैदा हुए तेल संकट की वजह से अब यह टूर्नामेंट छह के बजाय केवल दो शहरों, लाहौर और कराची में आयोजित किया जाएगा। सुरक्षा और संसाधनों की कमी को देखते हुए पूरा सीजन ‘बंद दरवाजों’ के पीछे (बिना दर्शकों के) खेला जाएगा। पीसीबी के इस कड़े रुख से साफ है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाजार में अपनी साख बचाने के लिए अब किसी भी बड़े खिलाड़ी को बख्शने के मूड में नहीं है।
Read more: क्रिकेट का रोमांच शुरू! जानें पिछले 18 सीजन के पहले मुकाबलों का पूरा लेखा-जोखा



