फॉण्ट कनवर्टर NEW

मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज़ में मिले खराब पिज्जा बेस, स्वास्थ्य विभाग ने थमाया नोटिस

पटना में स्वास्थ्य विभाग ने मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज़ का औचक निरीक्षण किया। डोमिनोज़ में 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट कराए गए और दोनों को 14 दिनों का सुधार नोटिस मिला।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: पटना में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बड़े फूड आउटलेट्स के खिलाफ कार्रवाई की है। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को अधिकारियों की टीम ने मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज के आउटलेट्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डोमिनोज के दो आउटलेट्स में 160 खराब पिज्जा बेस मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, मैकडॉनल्ड्स में भी स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां सामने आईं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए वैधानिक नोटिस जारी किए हैं।

पटना में मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज पर कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के साथ कदमकुआं के ओझा प्लाजा और कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित डोमिनोज आउटलेट्स का निरीक्षण किया। जांच का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लेना था।

मैकडॉनल्ड्स में मिलीं स्वच्छता से जुड़ी कमियां

ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स में भंडार गृह की स्वच्छता और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र संतोषजनक पाए गए। हालांकि, निरीक्षण के दौरान कचरे का डिब्बा खुला मिला और मुख्य प्रवेश द्वार पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं था।

इसके अलावा, सार्वजनिक मेनू कार्ड पर एलर्जी से संबंधित अनिवार्य चेतावनी भी दर्ज नहीं थी। अधिकारियों ने संचालक को सात दिनों के भीतर स्वच्छता और कीट नियंत्रण की व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। जांच के लिए मस्टर्ड सॉस का नमूना भी लिया गया। विभाग ने प्रतिष्ठान को 14 दिनों का वैधानिक सुधार नोटिस जारी किया।

डोमिनोज के दो आउटलेट्स में मिले 160 खराब पिज्जा बेस

डोमिनोज के कदमकुआं और कंकड़बाग स्थित आउटलेट्स की जांच में पिज्जा बेस की गुणवत्ता को लेकर गंभीर खामियां सामने आईं।

विभागीय जांच के अनुसार, कंकड़बाग के लोहिया नगर आउटलेट में 110 और कदमकुआं के ओझा प्लाजा आउटलेट में 50 खराब पिज्जा बेस मिले। इनकी अनुमानित कीमत करीब 32,000 रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

दोनों आउटलेट्स पर ड्रेनेज सिस्टम में गंदगी, कटिंग बोर्ड की अस्वच्छता और डीप फ्रीजर के तापमान का रिकॉर्ड रखने वाली लॉग बुक नहीं मिलने जैसी कमियां भी पाई गईं। इसके अलावा, ग्राहकों के इस्तेमाल वाली सॉस की बोतलों में गंदगी और शाकाहारी तथा मांसाहारी खाद्य सामग्री को अलग-अलग नहीं रखने की शिकायत भी सामने आई।

14 दिनों में सुधार नहीं हुआ तो लाइसेंस पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने डोमिनोज के दोनों आउटलेट्स के प्रबंधन को स्वच्छता संबंधी कमियां दूर करने, ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने, मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी दर्ज करने और खाद्य सामग्री के भंडारण के दौरान तापमान का नियमित रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया है।

दोनों आउटलेट्स को 14 दिनों के भीतर सुधार रिपोर्ट विभागीय कार्यालय में जमा करनी होगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जा सकते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram