Ranchi : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस आगामी 28 दिसंबर को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश के सभी जिला, प्रखंड, मंडल, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने आवासों पर कांग्रेस का झंडा फहराएंगे।

इस अभियान की शुरुआत रविवार को कांके विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बुड़मू प्रखंड के ठाकुरगांव से हुई, जहां झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पंचायत अध्यक्षों के बीच कांग्रेस के झंडों का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के प्रति संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा और इतिहास को आम जनता तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के दौरान बुड़मू पंचायत अध्यक्ष चंदन तिर्की, छापर पंचायत अध्यक्ष प्रभु यादव, हेसलपीरी पंचायत अध्यक्ष ललित महतो तथा गुरुगाई पंचायत अध्यक्ष तबारक हुसैन को 12–12 कांग्रेस के झंडे सौंपे गए, ताकि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में स्थापना दिवस को प्रभावी ढंग से मना सकें।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता शकील अख़्तर अंसारी, गोपाल तिवारी, प्रखंड अध्यक्ष बलराम साहू सहित कई वरिष्ठ एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने 28 दिसंबर को स्थापना दिवस को संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क के अवसर के रूप में मनाने का संकल्प लिया।

Share.
Exit mobile version