रांची: राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रमजान कॉलोनी में आपसी विवाद और मारपीट का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित युवक ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ तांडव

शिकायतकर्ता अरशद अली, पिता स्व. सिकंदर अली ने पुलिस को बताया कि शनिवार (04 अप्रैल 2026) दोपहर करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच वह अपनी दुकान से घर लौटा था। उसने अपनी मोटरसाइकिल रमजान कॉलोनी स्थित अपने घर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार से आ रहे स्थानीय निवासी हनी, रीना तिर्की और उनके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने अरशद की खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

विरोध करने पर लहूलुहान किया, मां को भी नहीं बख्शा

जब अरशद ने अपनी गाड़ी को टक्कर मारने और उसे क्षतिग्रस्त करने का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि हनी नामक युवक ने आव देखा न ताव और अरशद के मुंह पर पत्थर से जोरदार प्रहार कर दिया। पत्थर लगने से अरशद का चेहरा बुरी तरह फट गया और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। इस दौरान आरोपियों ने उसे जातिसूचक और सांप्रदायिक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर जब अरशद की मां उसे बचाने दौड़ीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और गंदी-गंदी गालियां दीं।

नकदी लूटने और रसूख दिखाने का आरोप

पीड़ित का दावा है कि मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे दुकान की सेल के लगभग 7 से 8 हजार रुपये भी आरोपियों ने छीन लिए। आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि उनकी पहुंच बड़े नेताओं तक है और वे उसका कुछ नहीं बिगड़ने देंगे। अरशद का आरोप है कि आरोपियों ने खुलेआम उसे और उसके समुदाय को वहां से भगा देने की धमकी दी है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पीड़ित ने लोअर बाजार थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन पर थाने की मोहर लग चुकी है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अरशद ने हनी, रीना तिर्की और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी घटना की पुष्टि की है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है।

Share.
Exit mobile version