कोडरमा। कोडरमा घाटी में शनिवार को पाम ऑयल से लदा एक टैंकर सड़क पर पलट गया। हादसा काली मंडा के पास हुआ। दुर्घटना के बाद चालक टैंकर के अंदर फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। लेकिन चालक की मदद करने के बजाय कई लोग टैंकर से पाम ऑयल निकालने लगे। करीब एक घंटे तक लोग बाल्टी, डिब्बे और दूसरे बर्तनों में तेल भरकर ले जाते रहे। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस
काफी देर तक चालक टैंकर में फंसा रहा। बाद में एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद तेल ले जा रहे लोगों को वहां से हटाया गया।
इसके बाद चालक को टैंकर से बाहर निकाला गया। उसे मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
क्रेन से हटाया गया टैंकर
पुलिस की कार्रवाई के बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मौके पर भीड़ लगी रही।
जानकारी के अनुसार, टैंकर पाम ऑयल लेकर हरदिया, रजौली (नवादा) की ओर जा रहा था। काली मंडा के पास किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद टैंकर सड़क पर पलट गया।




