Palamu News: छतरपुर थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में बुधवार देर रात पारा शिक्षक जमालुद्दीन अंसारी को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के समय जमालुद्दीन घर के पास स्थित किराना दुकान बंद कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मकान के पास घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।

गोली जमालुद्दीन की बांह और पेट में लगी, जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गए। सबसे पहले अनुमंडलीय अस्पताल में और फिर एमएमसीएच में प्राथमिक उपचार हुआ, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया। परिजनों ने बाद में उन्हें निजी अस्पताल मेडांता में भर्ती कराया। रिपोर्ट के अनुसार, गोली के छर्रे उनके लंग्स में फंसे हैं, जिसकी सर्जरी प्रक्रिया जारी है।

जमीन विवाद मुख्य कारण

घटना के पीछे जमीन विवाद को मुख्य वजह बताया जा रहा है। गांव के एक व्यक्ति से जमीन खरीद-बिक्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के बाद जमालुद्दीन ने पुलिस को पूरी जानकारी दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया है और मामले की छानबीन कर रही है।

उस समय जमालुद्दीन की पुत्री घर के बाहर थी, जिसने हथियारबंद हमलावरों को गोली चलाते हुए देखा। बताया जा रहा है कि हमलावर दो थे, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

Share.
Exit mobile version