रांची। जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के दयानंद प्रेक्षागृह में सोमवार को साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) 2025-26 के विजेता छात्रों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 400 से अधिक छात्रों को मेडल, ट्रॉफी, प्रमाण पत्र, नकद पुरस्कार और गिफ्ट वाउचर देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में कक्षा 6 के सजल और कक्षा 9 के वैभव को SOF एकेडमिक एक्सीलेंस स्कॉलरशिप (AES) से सम्मानित किया गया। दोनों छात्रों को ₹5,000 का नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र दिया गया।
विद्यालय के छात्रों ने IMO, NSO, IEO, ICSO, ISSO, IHO और ICO सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस भी हासिल किया। मेधावी छात्रों को ₹500 से ₹5,000 तक के नकद पुरस्कार दिए गए।
समारोह में विद्यालय के प्राचार्य बी. एन. झा समेत स्कूल की पूरी लीडरशिप टीम मौजूद रही। प्राचार्य ने सभी विजेता छात्रों को बधाई दी और कहा कि ओलंपियाड में मिली सफलता उनके भविष्य की शुरुआत है। उन्होंने छात्रों को आगे भी मेहनत करते रहने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों, अभिभावकों और SOF टीम के मार्गदर्शन एवं मेहनत को दिया। समारोह के दौरान छात्रों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।




