फॉण्ट कनवर्टर NEW

25 सितंबर को 200 डॉक्टरों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, चिकित्सा व्यवस्था हाेगी सशक्त

Ranchi : झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए राज्य सरकार इस माह 25 सितंबर को 200 डॉक्टरों की नियुक्ति करने जा रही है। इनमें 100 स्थायी सरकारी डॉक्टर और 100 अनुबंध आधारित डॉक्टर शामिल होंगे। इन

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए राज्य सरकार इस माह 25 सितंबर को 200 डॉक्टरों की नियुक्ति करने जा रही है। इनमें 100 स्थायी सरकारी डॉक्टर और 100 अनुबंध आधारित डॉक्टर शामिल होंगे। इन सभी को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए कहा कि यह अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति प्रक्रिया है, जिसका सीधा फायदा ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों के आम लोगों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि झारखंड लंबे समय से डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहा था, जिसके कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। अब यह कमी काफी हद तक पूरी हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी और 126 संविदा डॉक्टरों की नियुक्ति भी की गई थी। इसके बावजूद कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उपस्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों का अभाव था। अब नए डॉक्टरों की तैनाती से ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी और मरीजों को इलाज के लिए शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा।

मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि सरकार डॉक्टरों के लिए आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी ताकि वे निसंकोच अपनी सेवाएं दे सकें। साथ ही, बाहर के राज्यों से भी डॉक्टर झारखंड में सेवा देने के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे चिकित्सा व्यवस्था और सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्राथमिकता है कि गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हों और गरीब से गरीब व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिले।

सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य व्यवस्था में लंबे समय से चली आ रही कमी दूर होगी। नए डॉक्टरों की तैनाती के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं और मजबूत होंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम न केवल स्वास्थ्य ढांचे को नई दिशा देगा बल्कि राज्य के लोगों का भरोसा भी बढ़ाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram