अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर (गुमला): चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कातिंग पंचायत में विकास कार्यों को नई गति देते हुए जिला परिषद मद से स्वीकृत पीसीसी सड़क निर्माण योजना का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, मुखिया मधुरा मिंज, संवेदक तथा ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं पूजा-अर्चना कर शिलापट्ट का अनावरण किया। शिलान्यास समारोह से पहले गांव पहुंचे अतिथियों का ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के अनुरूप ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने बताया कि जिला परिषद मद से 24 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। यह सड़क कातिंग मुख्य मार्ग से गोरोटो तक बनेगी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से काफी राहत मिलेगी और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य विभागीय प्राक्कलन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। संवेदक द्वारा निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है और आगामी तीन माह के भीतर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से इस सड़क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। योजना के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी तथा लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, मुखिया मधुरा मिंज, पूर्व मुखिया रोकी बड़ा, अनीता लकड़ा, पुष्प एक्का, जोन एक्का, ग्रेसियस कुजूर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

