दावोस/रांची। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से स्वीडन-इंडिया बिज़नेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेज़ेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने ने शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में झारखंड और स्वीडन के बीच व्यापारिक साझेदारी को मजबूत करने तथा भविष्य के सहयोग के नए अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष सह विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन तथा राज्य का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित था।
सेसिलिया ओल्डने ने झारखंड के साथ व्यापारिक सहयोग बढ़ाने को लेकर स्वीडन-इंडिया बिज़नेस काउंसिल की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 50 से अधिक स्वीडिश कंपनियां भारत में सक्रिय हैं और आने वाले समय में झारखंड उनके लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य बन सकता है।
बैठक में दावोस में हुई चर्चा और मुख्यमंत्री के पिछले वर्ष के स्वीडन दौरे के दौरान वोल्वो सहित अन्य स्वीडिश कंपनियों के साथ हुई बातचीत को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इसी क्रम में आगामी अप्रैल माह में एक विशेष राउंडटेबल बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें अर्बन मोबिलिटी और विशेष रूप से शहरी परिवहन के वित्तपोषण से जुड़े विषयों पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड सरकार हर वर्ष सरकारी स्कूलों के लाखों विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़े रखने के लिए साइकिल उपलब्ध कराती है। उन्होंने स्वीडन-इंडिया बिज़नेस काउंसिल से राज्य में साइकिलों के उपयोग और स्कूल बच्चों के लिए ई-साइकिल की संभावनाओं पर एक फ़ीज़िबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देगी, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और आधुनिक आवागमन का नया विकल्प भी प्रस्तुत करेगी।



