Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व और सफल प्रयासों से राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी स्थित “दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल (NEET) कोचिंग संस्थान” का विधिवत शुभारंभ किया गया है। यह संस्थान झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं, विशेषकर अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है, जहां उन्हें नि:शुल्क आवासीय सुविधा के साथ उच्चस्तरीय कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संस्थान का निरीक्षण कर यहां संचालित कक्षाओं का जायजा लिया और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभवों को जाना। विद्यार्थियों ने राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें बेहतर तैयारी के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल, स्टडी व लाइब्रेरी हॉल, मेस तथा कक्षाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं को सभी सुविधाएं उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं।

इस कोचिंग संस्थान से झारखंड के युवाओं को JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच मिलेगा। प्रथम चरण में 300 से अधिक चयनित विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा दी जा रही है, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त होगी।

Share.
Exit mobile version