इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। युद्धविराम उल्लंघन के आरोपों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ कड़ी सैन्य कार्रवाई का आदेश दिया। इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी में 80 से अधिक ठिकानों पर हमले किए और कई लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है।
Read more: शांति प्रयासों को झटका! अमेरिका-ईरान बातचीत स्थगित, लेबनान पर इजरायल का हमला जारी
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि हिज्बुल्लाह ने युद्धविराम का खुला उल्लंघन करते हुए इजरायली सैनिकों पर हमला किया, जिसके बाद उन्होंने इजरायल डिफेंस फोर्सेस को तुरंत जवाबी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “इजरायल अपने सैनिकों और अपनी जमीन पर होने वाले किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। हिज्बुल्लाह को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।”
आईडीएफ के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के रॉकेट लॉन्चर और अन्य सैन्य ढांचे को निशाना बनाया गया। इसके अलावा बेका घाटी में संगठन के दो कमांड सेंटर पर भी हवाई हमले किए गए। सेना ने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान दर्जनों हिज्बुल्लाह लड़ाके मारे गए हैं। नेतन्याहू ने हमले में मारे गए इजरायली सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने 52वीं बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गेदालिया बेन सिम्होन समेत शहीद सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Read more: ईरान डील पर अमेरिका-इजरायल में बढ़ी खटास, वेंस ने नेताओं को लगाई फटकार
प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि इजरायल दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में तब तक मौजूद रहेगा, जब तक उत्तरी इजरायल के समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती। गौरतलब है कि हाल के दिनों में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच सीमा पर कई बार गोलीबारी और रॉकेट हमले हुए हैं, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका फिर बढ़ गई है।
