West Singhbhum : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2011 बैच के अधिकारी नेलसम एयोन बागे ने शुक्रवार को सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के 26वें प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कोल्हान क्षेत्र के लोगों तक सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगी।

एयोन बागे ने कहा कि प्रशासन की पहली जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोल्हान प्रमंडल में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को अपना प्रमुख लक्ष्य बताया।

नए आयुक्त ने यह भी कहा कि वे जनता से सीधे संवाद की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और शासन व जनता के बीच की दूरी कम की जा सके। पदभार ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने दिवाली पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से मोटरसाइकिल गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए।

Share.
Exit mobile version